आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज कर दिया गया है। सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी स्टारर इस ऐतिहासिक ड्रामा का नया टीजर बंटवारे के दर्द, बिछड़ते परिवारों और हिंसा की मार्मिक झलक पेश करता है। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर में दिखा बंटवारे का दर्द
टीजर की शुरुआत 1947 के विभाजन के दौरान हुए दर्दनाक घटनाक्रम से होती है। इसमें आगजनी, हिंसा और अपनों से बिछड़ने की पीड़ा को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। शुरुआती दृश्यों में प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी अपने किरदारों के जरिए उस दौर की त्रासदी को जीवंत करते नजर आते हैं।
टीजर में सनी देओल का एक प्रभावशाली संवाद भी सुनाई देता है। वह कहते हैं:
“लोग डर के साये में जी रहे हैं, लोग मर रहे हैं… और मैं जीते-जी मरना नहीं चाहता। मैं जिंदा हूं, और मैं साबित करूंगा कि मैं जिंदा हूं।”
इस संवाद के साथ सनी देओल कई दमदार एक्शन दृश्यों में भी नजर आते हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
दूसरे टीजर में करण देओल की छोटी-सी झलक भी देखने को मिलती है। हालांकि उनकी स्क्रीन मौजूदगी कम है, लेकिन उनकी एंट्री ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
‘बटवारा 1947’ प्रसिद्ध लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या ओ जम्याई नई’ से प्रेरित है। फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर में इंसानियत, रिश्तों और विस्थापन की संवेदनशील कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म में सनी देओल ‘सिकंदर मिर्जा’ की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सनी देओल हाल ही में अपनी कोर्टरूम ड्रामा ‘इक्का’ को लेकर चर्चा में रहे। इसके बाद वह ‘बटवारा 1947’ में दिखाई देंगे और फिर रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ का हिस्सा बनेंगे। हाल में उनका क्लीन-शेव लुक भी चर्चा में रहा, जिसे लेकर फैंस ने कयास लगाए कि यह उनके ‘रामायण’ वाले किरदार की तैयारी का हिस्सा हो सकता है।
